बिहार के मुख्यमंत्री को साकेत आनंद का खुला पत्र
माननीय मुख्यमंत्री , मैं साकेत आनंद, बेगूसराय, बिहार का रहने वाला हूँ। अभी मैं भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई कर निकला हूँ। मैं आपको बिहार के शिक्षा व्यवस्था के बारे में अवगत कराना चाहता हूँ। हर साल बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के बाद बिहार के शिक्षा व्यवस्था की देश भर में आलोचना होती है। और पिछले दो सालों में शिक्षा माफिया और अंदरूनी व्यवस्था से आप भी काफ़ी अवगत हो चुके हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है कि ऐसे हालत देश के और भी कई राज्यों में हैं। लेकिन बिहार की स्थिति के बारे में आप और हम सभी जानते हैं। पिछले साल भी मैट्रिक की परीक्षा में कुल 15 लाख छात्रों में साढे आठ लाख छात्र फ़ेल हो गए थे। और इंटरमीडिएट के रिज़ल्ट की बात भी किसी से छिपी नहीं थी। इस बार भी इंटरमीडिएट के रिज़ल्ट आपने और हम सभी ने देखें। इन सब खुलासों के बाद मीडिया उसे अपने एंटरटेनमेंट की स्टोरी के रूप में परोसने को तैयार बैठा रहता है। इसके बावजूद आप अधिकारियों के ट्रांसफर के अलावे शिक्षा के मूलभूत सुधार के लिए कभी कड़ा कदम नहीं उठा पाए। अभी भी सरकारी स्कूलों के बच्चे अच्छी शिक्षा और अच्छे शिक...